मुंबई के वाईबी चव्हाण ऑडिटोरियम में 11 अप्रैल को पद्मश्री महेंद्र कपूर अवॉर्ड शो का आयोजन हुआ, जिसने संगीत प्रेमियों को भावविभोर कर दिया। इस विशेष मौके पर दिवंगत गायक महेंद्र कपूर को श्रद्धांजलि देने और उनकी विरासत को सम्मानित करने के लिए फिल्म और टीवी जगत की कई जानी-मानी हस्तियां एकत्रित हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत में महान अभिनेता मनोज कुमार को श्रद्धांजलि दी गई, जिनका हाल ही में निधन हुआ है। इसके बाद रुहान कपूर ने मनोज कुमार की फिल्म का प्रसिद्ध गीत ‘है प्रीत जहां’ गाकर माहौल को देशभक्ति से भर दिया, जिससे पूरा हॉल ‘जय हिंद’ के नारों से गूंज उठा। इसके बाद सिद्धांत कपूर ने अपने दादा के सदाबहार गीत ‘चलो एक बार फिर से’ और ‘नीले गगन के तले’ गाकर दर्शकों को भावनाओं के समंदर में डुबो दिया।
कार्यक्रम में अनूप जलोटा, सुदेश भोसले, हर्षदीप कौर, उषा नाडकर्णी, विंदू दारा सिंह, महेश मांजरेकर, दिव्यंका त्रिपाठी और निकितिन धीर जैसे नामी चेहरे शामिल हुए। इस अवॉर्ड शो का आयोजन दत्तात्रेय माने ने किया था और मुख्य अतिथि के रूप में महाराष्ट्र सरकार के उद्योग मंत्री उदय सामंत उपस्थित थे, जिन्होंने कपूर परिवार की सराहना की।