• Wed. May 6th, 2026

उत्तराखण्ड दर्शन

समस्त उत्तराखण्ड आपके मोबाईल पर

पर्यटन सीजन में नैनीताल-भीमताल में गहराया पेट्रोल संकट, पंपों पर लगी लंबी कतारें

पर्यटन सीजन की शुरुआत के साथ ही नैनीताल और भीमताल में पेट्रोल-डीजल की किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। नैनीताल के तल्लीताल और मल्लीताल स्थित पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल उपलब्ध न होने के कारण स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक पेट्रोल भरवाने पंपों तक पहुंचे, लेकिन तेल खत्म होने की वजह से उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

इन दिनों पर्यटन गतिविधियां तेज होने से ईंधन की खपत लगातार बढ़ रही है, लेकिन मांग के अनुसार सप्लाई नहीं हो पा रही। सोमवार को स्थिति और गंभीर हो गई, जब सुबह से शाम तक लोग पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाते रहे। पर्यटक खासतौर पर परेशान दिखे क्योंकि यात्रा के दौरान ईंधन न मिलना उनके लिए बड़ी समस्या बन गया।

शाम को जब दोनों पंपों पर टैंकर पहुंचे, तो तेल भरवाने के लिए वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जानकारी के अनुसार, मल्लीताल के सूखाताल पर्वत फिलिंग स्टेशन में चार दिन बाद और तल्लीताल पंप में पांच दिन बाद पेट्रोल की आपूर्ति हुई।

भीमताल में भी पेट्रोल-डीजल कम होने से कतारें लगी रहीं। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी स्थिति न हो इसके लिए पंप संचालकों से बातचीत कर आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश देने की बात कही है।

Follow by Email
WhatsApp