कई दिनों से जारी भीषण गर्मी के बाद गुरुवार को मौसम ने राहत भरा रुख अपनाया। शाम लगभग चार बजे हल्की बूंदाबांदी हुई, जो थोड़ी ही देर में झमाझम बारिश में बदल गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक घुल गई। सुबह के समय नगर में हल्की धूप जरूर थी, लेकिन आसमान में बादल भी छाए रहे, जिससे मौसम सामान्य बना रहा। दोपहर बाद करीब तीन बजे अचानक घने बादल उमड़ आए और शाम साढ़े पांच बजे तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं, जो एक घंटे से अधिक समय तक जारी रहीं। अचानक बदले मौसम के कारण कई पर्यटकों को परेशानी झेलनी पड़ी। दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इधर ज्योलीकोट क्षेत्र में देर शाम तेज आंधी और बारिश ने नुकसान भी पहुंचाया। रामलीला मैदान में तेज हवा के कारण एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आकर वहां खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। अंधड़ के चलते आसपास के करीब 12 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को भारी दिक्कतें हुईं। तेज बारिश और हवा से खेती को नुकसान होने की भी सूचना है। ऊर्जा निगम के एसडीओ प्रयंक पांडे ने बताया कि कई स्थानों पर लाइनें टूट गई हैं और टीम मरम्मत में जुटी है।
