रविवार दोपहर तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने शहर की व्यवस्था को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। मात्र 40 मिनट की बारिश में कई इलाकों की सड़कें पानी से भर गईं और जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। मुख्य मार्गों के साथ-साथ गली-मोहल्लों में भी पानी बहने लगा, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
नगर निगम के वार्ड-9 आनंदपुरी में सड़क पर करीब दो फुट तक पानी जमा हो गया, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। वहीं वार्ड-31 इंदिरानगर में नाले की सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़क के जरिए घरों तक पहुंच गया। वार्ड-21 समेत अन्य क्षेत्रों में भी जलभराव ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दीं।
वार्ड-50, 51, 52, 53 और 58 जैसे कई इलाकों में पेयजल व सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़कें बारिश के बाद कीचड़ में तब्दील हो गईं। लोगों की शिकायत पर नगर निगम की टीम जेसीबी के साथ उजालानगर पहुंची और नाले की सफाई कराई।
बारिश और तेज हवा से बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। पेड़ गिरने से कई क्षेत्रों में लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे लगभग 50 हजार लोग ढाई घंटे तक बिजली से वंचित रहे। उधर, बारिश के बाद गौला नदी का जलस्तर भी बढ़कर 99 क्यूसेक पहुंच गया।
