• Thu. Mar 19th, 2026

उत्तराखण्ड दर्शन

समस्त उत्तराखण्ड आपके मोबाईल पर

नवसंवत्सर संग नवरात्र का आगाज़, हल्द्वानी में श्रद्धा और उत्साह का संगम

हल्द्वानी में चैत्र नवरात्र की शुरुआत के साथ ही हिंदू नववर्ष का शुभारंभ हो गया है। 19 से 27 मार्च तक चलने वाले इस नौ दिवसीय पर्व में भक्तजन मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की श्रद्धा भाव से पूजा करेंगे। त्योहार को लेकर पूरे शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बुधवार को सुबह से ही बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने व्रत सामग्री, ताजे फल-फूल, माता की चुनरी और पूजन के अन्य सामान की जमकर खरीदारी की। मंगल पड़ाव, सदर बाजार और मुखानी क्षेत्र खासतौर पर गुलजार नजर आए।

नवरात्र के स्वागत के लिए शहर के प्रमुख मंदिरों को सुंदर ढंग से सजाया गया है। बेरीपड़ाव स्थित अष्टभुजा लक्ष्मी मंदिर, रानीबाग का शीतला देवी मंदिर, कालीचौड़ मंदिर और रामलीला मोहल्ला का प्राचीन देवी मंदिर विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मंदिरों में देर शाम तक साफ-सफाई और सजावट का कार्य चलता रहा।

ज्योतिषाचार्या डॉ. मंजू जोशी ने बताया कि कलश स्थापना का शुभ समय गुरुवार सुबह 6:53 बजे से प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर घर और पूजा स्थल को शुद्ध करें तथा गंगाजल का छिड़काव करें। इसके बाद माता को स्नान कराकर लाल वस्त्र और श्रृंगार अर्पित करें।

घटस्थापना में मिट्टी में सप्तधान्य बोकर उस पर जल से भरा कलश स्थापित किया जाता है। कलश पर आम के पत्ते और नारियल रखकर मां दुर्गा का आवाहन कर दीप, धूप और नैवेद्य अर्पित किए जाते हैं।

Follow by Email
WhatsApp