राज्य में लगातार बढ़ते तापमान और संभावित हीटवेव को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी विद्यालयों में नियमित अंतराल पर वॉटर बेल बजाने के निर्देश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य यह है कि गर्मियों के दौरान छात्र-छात्राएं समय पर पानी पीते रहें और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से सुरक्षित रह सकें। यह निर्देश बुधवार को हीटवेव से बचाव को लेकर आयोजित एक समीक्षा बैठक में दिए गए।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि मौजूदा मौसम को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में बच्चों की सेहत की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। आवश्यकता पड़ने पर स्कूलों के समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि कक्षाओं में पर्याप्त हवा और वेंटिलेशन की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही विद्यालयों में ओआरएस और आवश्यक दवाइयों का भंडारण सुनिश्चित किया जाए तथा बच्चों को हीटवेव से बचने के उपायों के बारे में जागरूक किया जाए।
उन्होंने सभी जिलों को निर्देश दिए कि वे हीटवेव एक्शन प्लान तैयार करें और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी व राहत व्यवस्थाएं लागू करें। खुले में काम करने वाले श्रमिकों के कार्य समय में भी जरूरत के अनुसार बदलाव किया जाए।
इसके अलावा पानी की कमी वाले इलाकों में निर्माण कार्य रोकने, सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल उपलब्ध कराने, अस्पतालों में पर्याप्त बेड, दवाइयों, ओआरएस और आइस पैक की व्यवस्था करने तथा बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए वैकल्पिक योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
