पर्वतीय इलाकों में बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने मिशन एप्पल योजना को गति दी है। इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए सरकार ने 42 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। इसमें से लगभग 20 से 25 प्रतिशत राशि जिले को मिलने की संभावना जताई जा रही है। इस पहल से नैनीताल जिले के प्रमुख फल पट्टी क्षेत्र जैसे मुक्तेश्वर, रामगढ़ और नथुवाखान के हजारों बागवानों को सीधा लाभ मिल सकता है।
उद्यान विभाग के माध्यम से लागू की जा रही इस योजना में किसानों को 60 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा। इसका मतलब है कि आधुनिक सेब के बगीचे तैयार करने में आने वाले कुल खर्च का केवल 40 प्रतिशत हिस्सा ही किसानों को देना होगा। योजना के तहत केवल पौधे ही उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे, बल्कि विभाग द्वारा वैज्ञानिक ढंग से बाग तैयार करवाना, सुरक्षा के लिए घेराबंदी करना और सिंचाई के लिए ड्रिप इरिगेशन जैसी आधुनिक तकनीकों की व्यवस्था भी की जाएगी।
वर्ष 2025-26 के लिए उद्यान विभाग ने रामगढ़ और धारी ब्लॉक के 44 प्रगतिशील किसानों का चयन किया है। ये किसान लगभग 7.90 हेक्टेयर भूमि पर नई तकनीकों की मदद से सेब के बाग विकसित करेंगे। छोटे और मध्यम किसानों को ध्यान में रखते हुए दो नाली से 20 नाली तक बाग लगाने की सुविधा दी गई है।
रामगढ़, मुक्तेश्वर और धानाचूली क्षेत्रों में उगाए जाने वाले सेब हल्द्वानी, देहरादून, दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, राजस्थान और हरियाणा जैसे कई राज्यों के बाजारों तक पहुंचते हैं, जिससे स्थानीय किसानों को अच्छा आर्थिक लाभ मिलता है।
