उत्तराखंड में इस बार होली का त्योहार तेज धूप और शुष्क मौसम के बीच मनाया जाएगा। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को पूरे प्रदेश में आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। धूप की तीव्रता के कारण मैदानों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। विशेष रूप से मैदानी इलाकों में सामान्य तापमान की तुलना में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, जिससे गर्मी का एहसास बढ़ेगा।
सोमवार को भी तेज धूप ने मौसम के तेवर तीखे कर दिए। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कुछ इसी तरह का मौसम देखने को मिला।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सात मार्च तक प्रदेशभर में शुष्क स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, आठ मार्च को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
