• Tue. Mar 24th, 2026

उत्तराखण्ड दर्शन

समस्त उत्तराखण्ड आपके मोबाईल पर

गैस की किल्लत से जूझता रुद्रपुर, सिलिंडर के लिए आधी रात से लगी कतारें

रुद्रपुर में एलपीजी सिलिंडर की कमी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। काशीपुर बाईपास स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर दो दिनों के अंतराल के बाद जब सिलिंडरों की सप्लाई पहुंची, तो वहां अचानक बड़ी संख्या में उपभोक्ता इकट्ठा हो गए। भीड़ इतनी बढ़ गई कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और पीएसी को हस्तक्षेप करना पड़ा। कई लोग रात करीब दो बजे से ही अपनी बारी के इंतजार में लाइन में खड़े रहे और दिनभर इंतजार करते रहे।

बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखने लगा है। गैस की कमी के चलते कई घरों में चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं और लोग मजबूरी में पारंपरिक मिट्टी के चूल्हों का सहारा ले रहे हैं। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि वे लगातार कई दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, फिर भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिल सका।

स्थिति यह भी रही कि बुजुर्ग लोग अपने परिवार की जरूरतों के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए, क्योंकि घर के अन्य सदस्य काम पर चले जाते हैं। महिलाओं की भी बड़ी संख्या लाइन में दिखी। कई महिलाओं ने कहा कि गैस खत्म होने के कारण अब घर में सिर्फ एक वक्त का खाना बन पा रहा है। सुबह से शाम तक इंतजार करने के बावजूद कई लोग निराश होकर लौट गए।

Follow by Email
WhatsApp