• Sun. Feb 22nd, 2026

उत्तराखण्ड दर्शन

समस्त उत्तराखण्ड आपके मोबाईल पर

नैनीताल विंटर कार्निवाल की भव्य शुरुआत, संस्कृति और पर्यटन का अनूठा संगम

नैनीताल में मंगलवार को विंटर कार्निवाल का भव्य शुभारंभ मुख्य और सांस्कृतिक मंच पर तीन दिवसीय कार्यक्रमों के साथ हुआ। इससे पहले शहर में रंग-बिरंगी झांकी निकाली गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ कुमाऊंभर से आए कलाकारों ने सहभागिता की। झांकी को क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और एडीएम विवेक राय ने तल्लीताल डांठ से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह झांकी मॉल रोड से होती हुई खेल मैदान में संपन्न हुई।

झांकी के दौरान लोक कलाकारों ने कुमाऊं की समृद्ध परंपराओं को जीवंत किया। नई दिशा संस्था द्वारा लखिया भूत और बग्वाल की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। मुनस्यारी से आई जौहार संस्कृति वेलफेयर सोसायटी ने जौहार संस्कृति का सुंदर प्रदर्शन किया, जबकि दारमा-चौदास-व्यांस घाटी मूल के कलाकारों ने रं संस्कृति से दर्शकों को परिचित कराया। तिब्बती सांस्कृतिक प्रस्तुति और पंजाब की गतका पार्टी के रोमांचक करतबों ने दर्शकों को खूब उत्साहित किया। कुमाऊं रेजिमेंट और सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के बैंड ने भी समां बांध दिया। नैनी झील में यॉट और रोइंग बोट गतिविधियां भी आयोजित हुईं।

बुधवार को स्टार नाइट में इंदर आर्या, गिरीश बर्गली, किशन महिपाल, लोकगायक पवनदीप राजन और बॉलीवुड सिंगर बी प्राक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। खेल मैदान में कुमाऊंनी व्यंजनों सहित विभिन्न खानपान स्टॉल, होममेड चॉकलेट, हस्तनिर्मित आभूषण, मोमबत्ती और पेंटिंग्स लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। विधायक सरिता आर्या ने कहा कि यह कार्निवाल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।

Follow by Email
WhatsApp