• Tue. Jul 1st, 2025

उत्तराखण्ड दर्शन

समस्त उत्तराखण्ड आपके मोबाईल पर

मानसून की बारिश से जाम और जलभराव ने रोकी रफ्तार

मानसून की पहली तेज बारिश ने नैनीताल जिले में कहर बरपा दिया। शेरनाला, जो हर बरसात में रौद्र रूप लेता है, रविवार को फिर उफान पर आ गया और हल्द्वानी-चोरगलिया मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सुबह आठ बजे भारी बारिश के कारण निर्माणाधीन पुल के दोनों ओर वैकल्पिक मार्गों पर पानी भर गया, जिससे पुलिस को ट्रैफिक रोकना पड़ा। पांच घंटे तक दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। करीब दोपहर एक बजे पानी का बहाव कम हुआ, तब जाकर भारी वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति मिली।

बारिश की वजह से प्रतापपुर मोड़ के पास एक विशालकाय पेड़ गिर गया, जिससे मार्ग बंद हो गया। वन विभाग ने एक घंटे की मशक्कत के बाद रास्ता साफ किया।

बारिश के कारण तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री से गिरकर 26.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं मुक्तेश्वर में पारा 24.9 से लुढ़ककर 18.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

शहर में जलभराव की स्थिति भी गंभीर रही। आनंदपुरी, नैनी विहार, दमुआढुंगा, पनचक्की तिराहा, कालाढुंगी तिराहा और इंदिरा नगर जैसे इलाकों में पानी भर गया। प्रशासन ने नदियों-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की हिदायत दी है।

डीएम वंदना सिंह, नगरायुक्त रीचा सिंह और अन्य अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं। सभी संवेदनशील इलाकों में जेसीबी मशीनें तैनात कर दी गई हैं। इस दौरान PCS परीक्षा में शामिल होने आए परीक्षार्थियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आगामी 5 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

Follow by Email
WhatsApp