गुरुवार की सुबह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नैनीताल में मॉर्निंग वॉक पर निकले, जहां उन्होंने शहर की शांत वादियों के बीच स्थानीय लोगों, पर्यटकों और स्कूल के बच्चों से सहज बातचीत की। बुधवार रात नैनीताल पहुंचने के बाद सीएम धामी ने सुबह सात बजे एटीआई से पंत पार्क तक पैदल भ्रमण किया। रास्ते में उन्होंने आम नागरिकों का हालचाल जाना और ड्यूटी पर मौजूद पुलिस जवानों से बातचीत कर उनकी चुनौतियों के बारे में जानकारी ली।
पंत पार्क पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने नयना देवी मंदिर में बन रहे नए प्रवेश द्वार और परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय के भीतर पूरे किए जाएं। धामी ने बताया कि मानसखंड मिशन के अंतर्गत मंदिर के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए 11 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है और कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों के साथ फड़ में चाय भी तैयार की और उनसे क्षेत्र की आवश्यकताओं पर बातचीत की। बढ़ती ठंड को देखते हुए उन्होंने सभी रैन बसेरों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनके साथ कई वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
