काठगोदाम से मुंबई सेंट्रल के बीच चल रही साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को लेकर यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे ने इस ट्रेन को नियमित सेवा में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रेलवे की योजना के अनुसार जल्द ही यह ट्रेन स्थायी नंबर 21907/08 के साथ सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में संचालित की जाएगी। माना जा रहा है कि नियमित ट्रेन बनने के बाद यात्रियों को किराये में लगभग 30 फीसदी तक की राहत मिल सकती है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा अधिक किफायती हो जाएगी।
यह ट्रेन सीधे रूट पर चलती है, इसी कारण लंबे समय से यात्रियों की मांग थी कि इसे स्थायी रूप से नियमित किया जाए। नियमित संचालन शुरू होने के बाद काठगोदाम और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मुंबई के लिए एक बेहतर और भरोसेमंद विकल्प मिलेगा।
वर्तमान में इस रूट पर स्लीपर टिकट का किराया करीब 430 रुपये, एसी थर्ड का 1120 रुपये और एसी सेकेंड का लगभग 1515 रुपये है। रेलवे सूत्रों का कहना है कि नियमित सेवा बनने पर किराया श्रेणी में बदलाव संभव है। वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि संचालन की तिथि तय होने के बाद जल्द आधिकारिक सूचना जारी की जाएगी।
