हल्द्वानी में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अब तक पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकी है, जिसके चलते आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को शहर की गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां लोग सिलेंडर की उपलब्धता की जानकारी लेने पहुंचे। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें समय पर गैस नहीं मिल पा रही है।
प्रशासन का दावा है कि उपलब्ध स्टॉक के आधार पर वितरण किया जा रहा है, लेकिन करीब 30 हजार सिलेंडरों का लंबित बैकलॉग स्थिति को गंभीर बना रहा है। खासकर इंडेन गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ता अधिक परेशान नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से गैस से भरे ट्रक शहर में नहीं पहुंचे, जिससे संकट और गहरा गया है। हालांकि भारत गैस और एचपी की ओर से होम डिलीवरी की प्रक्रिया जारी है। मंगलवार को जिले भर में लगभग पांच हजार सिलेंडर वितरित किए गए।
जीतपुर नेगी रामपुर रोड क्षेत्र के लोगों ने बताया कि 14 मार्च को बुकिंग के बावजूद अब तक सिलेंडर नहीं मिला। इस मामले में स्थानीय निवासी जगत सिंह कफलिया ने संबंधित अधिकारियों को शिकायत भेजी है।
इस संकट का असर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी पड़ रहा है, जहां गैस की कमी के कारण संचालन प्रभावित हो रहा है।
