• Tue. Jan 13th, 2026

उत्तराखण्ड दर्शन

समस्त उत्तराखण्ड आपके मोबाईल पर

जनवरी की रातों में चमकेगा बृहस्पति: बिना दूरबीन दिखेगा सौरमंडल का सबसे विशाल ग्रह

जनवरी का यह महीना खगोल प्रेमियों के लिए खास बन गया है, क्योंकि हमारे सौरमंडल का सबसे बड़ा ग्रह बृहस्पति इन दिनों पृथ्वी के काफी करीब पहुंच गया है। 10 जनवरी की रात बृहस्पति पृथ्वी से अपनी न्यूनतम दूरी पर होगा और पूरी रात असाधारण रूप से बड़ा व चमकदार दिखाई देगा। इस दौरान बृहस्पति “अपोज़िशन” की स्थिति में होगा, यानी वह सूर्य के ठीक सामने रहेगा, जिससे उसकी चमक अपने चरम पर होगी। इसकी दृश्य चमक लगभग –2.7 तक पहुंच जाएगी, जबकि इसका ग्रह-चक्र (डिस्क) करीब 45.6 आर्कसेकंड तक फैला नजर आएगा।

इस खगोलीय घटना का सबसे खास पहलू यह है कि बृहस्पति को देखने के लिए किसी विशेष उपकरण की आवश्यकता नहीं होगी। सूर्यास्त के बाद से सूर्योदय तक यह लगातार आकाश में दिखाई देगा और आधी रात के आसपास मिथुन तारामंडल में अपने सर्वोच्च बिंदु पर पहुंचेगा। नग्न आंखों से ही यह एक बेहद चमकीले तारे जैसा स्पष्ट नजर आएगा।

अंतरिक्ष विज्ञान के जानकार और एस्ट्रो फोटोग्राफर प्रमोद सिंह खाती के अनुसार, यदि सामान्य दूरबीन या छोटा टेलीस्कोप इस्तेमाल किया जाए तो बृहस्पति के चार प्रसिद्ध गैलीलियन चंद्रमा—आयो, यूरोपा, गैनीमीड और कैलिस्टो—भी छोटे चमकीले बिंदुओं के रूप में देखे जा सकते हैं। ये चंद्रमा लगातार अपनी स्थिति बदलते रहते हैं; कभी ग्रह के पीछे छिप जाते हैं तो कभी उसके सामने से गुजरते हैं।

हालांकि बृहस्पति के ये चार चंद्रमा सबसे अधिक चर्चित हैं, लेकिन इसके कुल 97 ज्ञात चंद्रमा हैं। पहले बृहस्पति को सबसे ज्यादा चंद्रमा वाला ग्रह माना जाता था, पर हाल के वर्षों में शनि के 128 नए चंद्रमाओं की खोज के बाद शनि 274 चंद्रमाओं के साथ पहले स्थान पर पहुंच गया है, जबकि बृहस्पति अब दूसरे स्थान पर है।

Follow by Email
WhatsApp